यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा का संकल्प है : कौशिकी त्रिवेदी

 


कानपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। युवाओं को स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ समाज में भी जागरूकता फैलानी चाहिए। यह बातें बुधवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ की विधिक सहायता समिति की संकाय समन्वयक कौशिकी त्रिवेदी ने यातायात जागरूकता कार्यक्रम के दौरान कहीं।

विश्वविद्यालय में कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के निर्देशन और अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ की विधिक सहायता समिति और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-दो के संयुक्त तत्वावधान में यातायात जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना था।

रैली के दौरान स्वयंसेवकों और विधि के छात्र-छात्राओं ने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, गति सीमा का पालन करने और पैदल चलते समय फुटपाथ का उपयोग करने का संदेश दिया। साथ ही लोगों को ईयरफोन या ईयरबड लगाकर सड़क पर चलने से बचने की सलाह दी गई। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को रोककर उन्हें यातायात नियमों की जानकारी दी गई और भविष्य में नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य कुलानुशासक डॉ. शशिकांत त्रिपाठी, मुख्य सुरक्षा प्रभारी डॉ. अंकित त्रिवेदी, एनएसएस इकाई-दो के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राहुल तिवारी, अटल बिहारी वाजपेयी स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ की निदेशक डॉ. स्मृति राय, डॉ. नितेश चतुर्वेदी, ऋषि श्रीवास्तव, प्रभात कुमार मिश्रा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

अभियान में एनएसएस और विधिक सहायता समिति के स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। वैभव पाठक, रहमान वारसी, खुशी सिंह चंदेल, ऋषभ बाथम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी से यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया।----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप