देवरिया में 45 दिवसीय एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, डीएम ने टीमों को दिखाई हरी झंडी
देवरिया, 22 जुलाई (हि.स.)। जनपद में पशुओं को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाने के लिए बुधवार को 45 दिवसीय निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी विवेक कुमार सिंह तथा मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद के साथ टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं टीकाकरण टीमों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान प्रत्येक गांव में घर-घर जाकर निर्धारित रोस्टर के अनुसार, पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधानों और जागरूक पशुपालकों का सहयोग लेकर अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि 45 दिनों तक चलने वाले इस अभियान में टीमें जनपद के सभी विकास खंडों में पहुंचकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेंगी। टीकाकरण के साथ ही प्रत्येक पशु का विवरण मौके पर ही भारत पशुधन एप पर पशुपालकों से ओटीपी प्राप्त कर रियल टाइम ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, जिससे टीकाकरण का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार हो सके।
कार्यक्रम में उपमुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति, डॉ. विनोद कुमार सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सतीश कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. धोबी राजेश रौनक, एलईओ शिवराम पति त्रिपाठी, पियूष श्रीवास्तव, निशाकांत तिवारी, विष्णु देव गोंड़, राकेश कुमार भारती सहित विभिन्न विकास खंडों के पैरावेट्स एवं टीकाकरण टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की, कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराएं और टीमों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि जनपद को खुरपका-मुंहपका रोग से सुरक्षित रखा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक