मुरादाबाद में फूलों की खेती के लिए में दस पॉलीहाउस स्थापित किए जाएंगे

 


मुरादाबाद, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में दस पॉलीहाउस स्थापित किए जाएंगे। पांच में आधुनिक तकनीक से फूलों की खेती और पांच पॉलीहाउस में सब्जियों का उत्पादन किया जाएगा। साथ ही संबंधित विभागों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर कृषि पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा।

मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि जिले में इच्छुक एवं प्रगतिशील कृषकों, कृषि उत्पादक संगठनों तथा कृषि उद्यमियों को चिह्नित कर कृषि पर्यटन की संभावनाओं वाले स्थलों का चयन किया जाए। जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद में 10 पॉलीहाउस स्थापित कराने की कार्रवाई की जाए।

पांच पॉलीहाउस में आधुनिक तकनीक के माध्यम से गुलाब, गेंदा, जरबेरा, कार्नेशन एवं अन्य व्यावसायिक फूलों की खेती को प्रोत्साहित किया जाए। बाकी में पांच पॉलीहाउस में उच्च मूल्य वाली सब्जियों एवं विशिष्ट फसलों का उत्पादन कराया जाए।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल