जेवर एयरपोर्ट से बागपत को मिलेगी उड़ान
बागपत, 28 मार्च (हि.स.)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का बागपत जिला अब तेजी से विकास की राह पकड़ने वाला है। बेहतर कनेक्टिविटी और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोडक्ट्स के चलते आने वाले समय में यह क्षेत्र व्यापार और कृषि उद्योग का नया केंद्र बनने वाला है। बागपत की सबसे बड़ी ताकत उसकी मजबूत कनेक्टिविटी है। ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे, दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे जैसे आधुनिक मार्ग से इसको पहले ही जोड़ा जा चुका है।
दिल्ली एनसीआर क्षेत्र का बागपत जिला नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर से कनेक्ट होने के बाद अब तेज गति पकड़ने वाला है। यह जिला इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट और जेवर एयरपोर्ट के बीच स्थित होकर डबल एयरपोर्ट कनेक्टिविटी का लाभ उठा पाएगा।
बागपत विकास प्राधिकरण के जेई अजित कुमार और विकास शर्मा की मानें तो इससे क्षेत्र में माल ढुलाई और ट्रैफिक मूवमेंट तेज होगा। बागपत धीरे-धीरे व्यापार और उद्योगों का हब बनकर उभरेगा। यहां वेयरहाउसिंग और सप्लाई चेन से जुड़े बड़े निवेश देखने को मिल सकते हैं। कृषि क्षेत्र में भी इसका सकारात्मक असर पड़ने वाला है । जिले के किसान अब केवल स्थानीय मंदिरों तक सीमित नहीं रहेंगे।गन्ना सब्जियां और डेयरी उत्पाद एयर कार्गो के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंच सकेंगे। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलने की संभावना यहां के प्रशासन ने जताई है और बताया है कि इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। किसान आधुनिक खेती और एक्सपोर्ट की तरफ ध्यान देंगे जिससे किसान क्वालिटी युक्त उत्पादन कर सकेंगे।
दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में नोएडा, गाजियाबाद ओर गुरुग्राम जैसे महंगे शहरों में जमीनों के रेट अधिक हो जाने पर बागपत जिला उद्योगपतियों की नजर में एक बड़ा हब नजर आ रहा है। चाहत एक्सपोर्ट के मालिक संजय गुप्ता बताते हैं कि उद्योगपति बेहतर कनेक्टिविटी और किफायती जमीन को लेकर बागपत की ओर रूख कर रहे हैं। बागपत में छोटे और मध्यम उद्योगों के साथ-साथ बड़े उद्योग भी लगाए जा रहे हैं। रियल स्टेट सेक्टर में भी तेजी के संकेत देखने को मिल रहे हैं। निवेश के लिए सभी की नजर बागपत पर टिकी है। यहां जमीन की अचानक कीमत बढ़ गई है जिसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों को मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी