फर्रुखाबाद: जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत

 


फर्रुखाबाद,18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कोतवाली फतेहगढ़ क्षेत्र अंतर्गत अज्ञात कारणों के चलते एक युवक ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे आनन-फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी ए मुताबिक, नवदिया गांव निवासी आलोक दुबे पुत्र अवधेश ने अपने घर पर किसी बात से क्षुब्ध होकर जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। युवक की हालत गंभीर देखकर परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने आलोक का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बेहाल हैं।

परिजन युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं कर सके। घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी चर्चा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

कोतवाल राम सहाय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar