पांच वर्षों का रहा सफल कार्यकाल, शिक्षा और नवाचार को नई दिशा देने का प्रयास जारी : प्रो. विनय कुमार पाठक

 


कानपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। पिछले पांच वर्षों में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है और आगे भी छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण व शोध के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह बातें मंगलवार को कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कही।

आचार्य नरेंद्र देव नगर निगम महिला महाविद्यालय, हरजेंदर नगर में आज छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुलपति स्वयं उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. राजेश कुमार द्विवेदी एवं प्रो. विवेक द्विवेदी शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद महाविद्यालय परिसर में औषधीय वाटिका का उद्घाटन किया गया, जिसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।

प्राचार्य प्रो. आरती सक्सेना ने महाविद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया। कुलपति प्रो. पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय लगातार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने, शोध को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को नई तकनीकों से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है।

उन्होंने छात्राओं को पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने, नवाचार अपनाने और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथियों ने भी शिक्षा में अनुशासन, गुणवत्ता और शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे।

समारोह के दौरान कुलपति के सफल कार्यकाल पर अभिनंदन पत्र का वाचन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। संचालन डॉ. सुमेधा पांडेय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अंकिता अवस्थी द्वारा दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप