सरयू नदी में नहाते समय पांच महिलाएं डूबी, तीन शव बरामद, दाे की तलाश जारी
अयोध्या, 30 जून (हि.स.)। रौनाही थाना क्षेत्र के सनाहा गांव में मंगलवार काे सरयू नदी में नहाते समय बड़ा हादसा हाे गया। नदी में नहाने के दौरान गांव की पांच महिलाएं डूब गईं जिसमें तीन की मौत हाे गई और दो की तलाश जारी है।
ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान चलाकर तीन महिलाओं को बाहर निकाला। बाहर निकाली गई तीनों महिलाओं की मौत हो चुकी थी। दो महिलाएं अभी भी लापता हैं। प्रशासन और राहत-बचाव दल नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
घटना के बाद गांव में शोक और मातम का माहौल है। पुलिस और प्रशासन मौके पर मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं। लापता महिलाओं की तलाश के लिए अभियान तेज कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
थाना प्रभारी ने बताया कि मरियम पुत्री असलम (18 वर्ष), शाहीन पत्नी मेराज (35 वर्ष) और सजरुल पत्नी अकरम (40 वर्ष) की माैत हाे चुकी है जिनके शव निकाले जा चुके हैं। वहीं राशीदा पुत्री रसीद (15 वर्ष) और नाजिया पुत्री अकरम (15 वर्ष) की तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री ने हादसे का लिया संज्ञान
हादसे की जानकारी पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है और अधिकारियाें काे मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए हैं। वहीं समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ की टीम की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय