परिवहन निगम के आउटसोर्स कार्मिकों के मानदेय में जुलाई माह से पांच प्रतिशत की वृद्धि : दयाशंकर सिंह

 


लखनऊ, 17 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। परिवहन निगम में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखाकार कम टैली ऑपरेटर एवं प्रोग्रामर के मानदेय में 05 प्रतिशत की वृद्धि की गयी है। आच्छादित कार्मिकों को बढ़ा हुआ मानदेय जुलाई माह से प्रदान किया जाएगा।

परिवहन मंत्री ने बताया कि परिवहन निगम में कार्यरत आउटसोर्स कार्मिकों के मानदेय में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि का प्राविधान है, जिसके अंतर्गत 05 प्रतिशत की बढ़ोतरी जनवरी माह में एवं 05 प्रतिशत की बढ़ोतरी जुलाई माह में दिए जाने की व्यवस्था है।

परिवहन मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की सेवाओं को सुचारू रूप से संचालित करने तथा आधुनिक व प्रभावी बनाने के दृष्टिगत आउटसोर्स कार्मिकों के वेतन में वृद्धि की गई है। उक्त कार्मिक निगम के विभिन्न कार्यों में अपनी तकनीकी दक्षता और सेवाओं के माध्यम से महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों एवं कार्मिकों के हितों के प्रति संवेदनशील है। परिवहन निगम को बेहतर और यात्री केंद्रित बनाने में प्रत्येक कार्मिक का योगदान महत्वपूर्ण है। इसी के दृष्टिगत उनके मानदेय में प्रतिवर्ष 10 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि इससे आउटसोर्स कार्मिकों को आर्थिक संबल मिलेगा, वे और अधिक उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. जितेन्‍द्र पाण्डेय