मथुरा : 1.25 करोड़ के अवैध गांजे के साथ पांच अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

 


ट्रक और बलेनो कार बरामद, गिरोह का सरगना मास्टर माइंड फरार

मथुरा, 23 अगस्त (हि.स.)। जनपद के थाना फरह क्षेत्र के दक्षिणी बाईपास रैपुराजाट पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स आगरा यूनिट और थाना फरह पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार काे मुखबिर की सटीक सूचना पर अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 250 किलोग्राम (ढाई क्विंटल) अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से 05 शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रेलर ट्रक और एक बलेनो कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

मामले का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी, नारकोटिक्स आगरा टीम के सीओ उमेश पवार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ओडिशा नंबर का एक ट्रक मथुरा होते हुए गांजे की खेप लेकर अलीगढ़ जा रहा है। रविवार दोपहर दो बजे फरह पुलिस के साथ घेराबंदी कर एक ट्रक को रैपुराजाट के समीप रोका। तलाशी लेने पर जैविक खाद की बोरियों के पीछे छिपा 2.51 कुंतल गांजे के 52 पैकेट बरामद हुए। पुलिस ने ट्रक चालक जयंतो निवासी फायर स्टेशन कॉलोनी हटपदा कालीमेला थाना कालीमेला जिला मलकानगिरी ओड़िसा को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान ट्रक के पीछे चल रही बलेनो कार में सवार गांजा तस्करों को भी पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम विद्युत निवासी मुहल्ला एमवी-15 मलकानगिरी थाना व जिला मलकानगिरी ओड़िसा, हरविंदर कुमार निवासी लक्ष्मनगढ़ी थाना खैर जिला अलीगढ़, अभिजीत निवासी शिवधाम कॉलोनी खैर बाईपास रोड थाना रोरावर जिला अलीगढ़ और ललित कुमार उर्फ कालू निवासी मोरैना थाना गभाना जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने ट्रक और कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है। कार्रवाई के दौरान मास्टर माइंड मुकुल फरार हो गया है। पुलिस की टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। मथुरा सीओ रिफाइनरी ने बताया शुरुआती पूछताछ में इन तस्करों ने उड़ीसा से मादक पदार्थ लाकर जनपद अलीगढ़ की ओर तस्करी करने की बात स्वीकार की है।

सराहनीय कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम एएनटीएफ आगरा यूनिट टीमरू निरीक्षक हरवेन्द्र मिश्रा (प्रभारी ए0एन0टीएफ0 यूनिट आगरा) उ0नि0 गौरव शर्मा मु0आ0 सुधीर कुमार, मु0आ0 अजीत कुमार, मु0आ0 आशीष शुक्ला, मु0आ0 वसीम अकरम, मु0आ0 दीपू सिंह, मु0आ0 रमन कुमार, मु0आ0 लखनलाल, मु0आ0 मुकेश कुमार थाना फरह पुलिस टीम उ0नि0 अजय सिंह मलिक (चौकी प्रभारी कस्बा थाना फरह) उ0नि0 अमन भाटी हे0का0 विनय कुमार का0 मनोज कुमार शर्मा आदि की अहम भूमिका रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार