आग से पांच घर जलकर राख, लाखों की सम्पत्ति खाक
बलरामपुर, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में थाना हर्रैया क्षेत्र के ग्राम चौधरीडीह के मजरा शिकारीपुरवा में शनिवार दोपहर अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते-ही-देखते आग से पांच परिवारों के फूस के घर जलकर राख हो गए। घटना में घर में सम्पूर्ण गृहस्थी व कीमती सामान जलकर राख हो गये और लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
ग्राम चौधरीडीह के मजरा शिकारीपुरवा में रहने वाले पवन कुमार के फूस के घर में आज अचानक आग लग गई। तेज हवा के चलते आग तेजी से फैल गई और पड़ोसी कमलेश, पेशकार, शीतल तथा रामनिवास समेत कुल पांच परिवारों के घर इसकी चपेट में आ गए। सूचना मिलने पर पीआरवी 112 व फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक प्रभावित परिवारों के फूस के घर, कपड़े, अनाज, नकदी, जेवरात समेत गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और भोजन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। आग से बेघर हुए लोग खुले आसमान के नीचे जीवन यापन करने को मजबूर हो गए है। जिन्हें आसपास के लोगों ने सहारा दिया है।
सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल दुष्यंत कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है तथा जल्द ही प्रभावित परिवारों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन