नियमित योग सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में सहायक : अपूर्वा त्रिपाठी
--ट्रिपल आईटी, इलाहाबाद में पंचदिवसीय योग महोत्सव का शुभारम्भ
प्रयागराज, 17 जून (हि.स)। योग, स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) इलाहाबाद में पांच दिवसीय योग महोत्सव का शुभारम्भ बुधवार को हुआ। इस विशेष कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थी, शिक्षक एवं गैर शैक्षणिक कर्मचारी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
योग महोत्सव के प्रथम दिवस का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग की प्रशिक्षिका अपूर्वा त्रिपाठी द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि तनाव प्रबंधन, एकाग्रता एवं सकारात्मक जीवनशैली विकसित करने में भी सहायक है।
ट्रिपल आईटी के पीआरओ डॉ पंकज मिश्र ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिन लगभग 25 प्रतिभागियों ने योग सत्र में भाग लिया। प्रतिभागियों ने योगाभ्यास के माध्यम से स्वयं को ऊर्जावान एवं तनावमुक्त अनुभव किया तथा आगामी दिनों में भी नियमित रूप से सहभागिता करने की इच्छा व्यक्त की।
उन्होंने बताया कि, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के निदेशकों एवं कुलपतियों से व्यापक स्तर पर योग संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया गया है। इसी क्रम में ट्रिपल आईटी इलाहाबाद द्वारा 17 से 21 जून तक पांच दिवसीय योग महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संस्थान के निदेशक प्रो मुकुल शरद सुतावने ने इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से योग महोत्सव में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया है, ताकि योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं जागरूक जीवनशैली को बढ़ावा दिया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र