मछुआ कल्याण कोष से मछुआ समाज की बदलेगी तकदीर : मंत्री
हमीरपुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मत्स्य डॉ.संजय कुमार निषाद ने गुरुवार को कहा कि मछुआ कल्याण कोष से अब मछुआ समाज को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि कोष में 25 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान रखा गया है।
कैबिनेट मंत्री हमीरपुर स्थित कलेक्ट्रेट मीटिंग हाल में मोदी सरकार के नौ साल पूर्ण होने पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के नौ साल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहे हैं। कहाकि मोदी ही एक मात्र ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने अपने कार्यों का हिसाब जनता के सामने प्रस्तुत किया है। मौजूदा सरकार की लक्षित नीतियां, अंतिम व्यक्ति तक पहुंच के कारण ही योजनाओं का लाभ शत प्रतिशत सभी को मिल रहा है। जो सरकार की बड़ी उपलब्धि है।
मोदी के नेतृत्व में अनेक विकास कार्य हुए हैं तथा तुष्टिकरण की राजनीति खत्म हुई है। मत्स्य पालको को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पोर्टल पर प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, सामूहिक दुर्घटना बीमा योजना तथा मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना के अन्तर्गत विभिन्न परियोजाओं हेतु आनलाईन आवेदन विभागीय वेबसाइट प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अन्तर्गत निजी भूमि पर तालाब निर्माण, मत्स्य बीज हैचरी निर्माण, बायोफ्लाक पॉण्ड, रियरिंग तालाब निर्माण, रिसर्कुलेटरी एक्वाकल्चर सिस्टम, इन्सुलेटेड व्हीकल्स, मोटर साइकिल विद आइसबॉक्स, थ्री-व्हीलर विद आइसबॉक्स, साइकिल विद आइसबॉक्स, जिन्दा मछली विक्रय केन्द्र, मत्स्य आहार प्लान्ट, मत्स्य आहार मिल, केज संवर्धन, पेन संवर्धन, सजावटी मछली रियरिंग यूनिट, कियोस्क निर्माण, शीतगृह निर्माण, मनोरंजन मात्स्यिकी, डाइग्नोस्टिक मोबाईल लैब, मत्स्य सेवा केन्द्र एवं सामूहिक दुर्घटना बीमा सहित कुल 30 योजनाओं हेतु आनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश मत्स्य पालक कल्याण कोष योजना में वित्तीय वर्ष 2023-24 में रू० 25.00 करोड़ का बजट प्रावधान कराया गया है।
योजना के अन्तर्गत सामुदायिक भवन निर्माण, मछुआ आवास निर्माण, दैवीय आपदा में चिकित्सा सहायता, प्रशिक्षण एवं महिला सशक्तिकरण के माध्यम से मत्स्य पालकों एवं मछुआरों को लाभान्वित किया जाएगा। प्रदेश सरकार 2023-2024 वित्त वर्ष में सभी मछुआरों को मत्स्य पालक कल्याण कोष से निम्न मदों में सहायता प्रदान की जा रही है। बताया कि प्रदेश का मछुआ समाज ही नही बल्कि पूरे देश का मछुआ समाज का उत्थान हो रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/पंकज/राजेश