हरदुआगंज मालगोदाम से मक्का की पहली रैक लोडिंग शुरू
-माल यातायात में वृद्धि की नई संभावनाओं का शुभारम्भ
प्रयागराज, 06 जून (हि.स.)। मण्डल रेल प्रबंधक प्रयागराज रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व एवं वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) अतुल यादव के मार्गदर्शन में प्रयागराज मण्डल को माल ढुलाई के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। हरदुआगंज मालगोदाम से पहली बार रेल मार्ग द्वारा मक्का की सफल लोडिंग कर एक नए व्यापारिक अध्याय की शुरुआत आज से की गई है।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि 06 जून को हरदुआगंज मालगोदाम से मुज़फ्फरनगर के लिए 21 बीसीएन (BCN) वैगनों की मिनी रैक में मक्का का सफलतापूर्वक लदान किया गया। यह लोडिंग मेसर्स संजीव कुमार सुनील कुमार द्वारा की गई, जिन्होंने पहली बार हरदुआगंज मालगोदाम के माध्यम से अपने माल का रेल परिवहन चुना।
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि हरदुआगंज मालगोदाम के लिए विशेष महत्व रखती है, क्योंकि इससे क्षेत्र के व्यापारियों एवं कृषि उत्पादकों के लिए रेल परिवहन के नए अवसर खुलेंगे। साथ ही, यह पहल रेलवे द्वारा ग्राहकों को प्रदान की जा रही बेहतर माल परिवहन सुविधाओं, समयबद्ध सेवा एवं प्रतिस्पर्धी परिवहन व्यवस्था पर बढ़ते विश्वास को भी दर्शाती है।
पीआरओ ने बताया कि हरदुआगंज मालगोदाम से मक्का की इस पहली रैक लोडिंग से भविष्य में कृषि उत्पादों एवं अन्य वस्तुओं के रेल परिवहन को और अधिक प्रोत्साहन मिलने की संभावना है। इससे न केवल माल यातायात में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र