पुरानी रंजिश में दुकान पर फायरिंग, तीन घायल

 




कानपुर, 09 नवंबर (हि.स.)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को तिलसहरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर परचून की दुकान पर विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई। इसमें दो लोग गोली लगने से घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति के सिर पर तमंचे के बट से हमला किया गया।

तिलसहरी गांव निवासी साजन कुशवाहा के घर के बाहर परचून की दुकान है। इसे उनका बेटा रितेश कुशवाहा चलाता है। बताया गया कि रितेश के दोस्त का पहले नितिन के साले से विवाद हुआ था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।

आरोप है कि इसी रंजिश में नितिन अपने दो साथियों के साथ दो बाइकों से गांव पहुंचा। शाम करीब छह बजे वह दुकान पर गया और रितेश से बहस करने लगा। कुछ देर बाद वह दोबारा दुकान पर पहुंचा। उस समय रितेश वहां मौजूद नहीं था। आरोप है कि नितिन ने रितेश की मां शिवाकांती को हटने के लिए कहा और तमंचे से फायर कर दिया। गोली लगने से शिवाकांती और छोटू घायल हो गए।

इसके बाद दूसरी गोली चलाने के लिए नितिन तमंचे में कारतूस नहीं भर पाया। इसी बीच साजन ने पीछे से उसे पकड़ लिया। आरोप है कि नितिन ने तमंचे के बट से साजन के सिर पर वार कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया है। दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपित पहले भी कई लोगों के साथ मारपीट कर चुके हैं और तमंचा लेकर गांव में रौब दिखाते हैं। बताया गया कि वे लकड़ी कटाई का काम करते हैं।

घटना के बाद गांव में होने वाला सौ साल पुराना जवाबी कीर्तन और जागरण कार्यक्रम भी स्थगित कर दिया गया। रामलीला समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक, कुढ़हा माता मंदिर में प्रतिवर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन होता था, लेकिन घटना के बाद समिति की बैठक में इसे स्थगित करने का निर्णय लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटनास्थल से अवैध तमंचा बरामद हुआ है। दो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप