देवरिया के बरहज में आग का तांडव, झोपड़ी जलने से दिव्यांग महिला की मौत
देवरिया, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बरहज थाना क्षेत्र के ग्राम पैना में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिसमें आग की चपेट में आने से एक दिव्यांग महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी किशुन ने गांव से पश्चिम कोटवा देवार में फसलों की रखवाली के लिए एक झोपड़ी तैयार की थी, जहां वे पशुओं को भी रखते थे। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय दियारा क्षेत्र में खेतों के सूखे डंठलों में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। तेज पछुआ हवा के चलते आग ने देखते ही देखते भयावह रूप धारण कर लिया और तेजी से फैलते हुए झोपड़ी के पास पहुंच गई। उस समय किशुन की दिव्यांग पत्नी बचिया देवी (40) झोपड़ी में अकेले मौजूद थीं।
झोपड़ी से उठती ऊंची लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया था। झोपड़ी में रखा सामान जलकर राख हो गया और बचिया देवी गंभीर रूप से झुलस गईं। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी हालत इतनी गंभीर थी कि चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। उपजिलाधिकारी हरी शंकर लाल, तहसीलदार अरुन कुमार तथा थानाध्यक्ष विशाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उपजिलाधिकारी हरी शंकर लाल ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। वहीं, आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक