अग्निकांड की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और समन्वय बेहद जरूरी, जनहानि रोकना प्राथमिक लक्ष्य : विपिन ताडा

 


कानपुर, 16 अप्रैल (हि.स.)। अग्निकांड की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय बेहद जरूरी है। समय पर राहत एवं बचाव कार्य से जन-धन की हानि को कम किया जा सकता है। आपात स्थितियों से निपटने के लिए पहले से तैयारियां और नियमित अभ्यास अनिवार्य हैं। आम जनमानस को भी आग से बचाव के प्रति जागरूक रहना चाहिए। यह बातें गुरुवार को अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था विपिन ताडा ने कही।

14 से 20 अप्रैल तक चल रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत आज बड़ा चौराहा स्थित जेड स्क्वायर मॉल में व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान आपात स्थिति में विभाग की तत्परता, समन्वय और कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया।

ड्रिल के तहत मॉल में आग लगने और धुएं में लोगों के फंसने की काल्पनिक स्थिति बनाई गई। सूचना मिलते ही फायर टेंडर, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, एंबुलेंस, आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर और अन्य आधुनिक उपकरणों के साथ टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में तीन अलग-अलग टीमों का गठन कर अभियान को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया गया।

फायर फाइटिंग टीमों ने मॉल के विभिन्न हिस्सों—बैंक्वेट हॉल, शोरूम और आउटलेट्स—में सर्च ऑपरेशन चलाया। अत्यधिक धुएं के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। मॉल की टेरेस पर फंसे एक व्यक्ति को हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म की सहायता से सुरक्षित बाहर निकालकर रेस्क्यू वैन के माध्यम से अस्पताल भेजा गया।

आग पर काबू पाने के लिए फायर रोबोट और आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर का भी उपयोग किया गया, जिससे आधुनिक तकनीक के प्रयोग का प्रदर्शन हुआ। अभियान के दौरान सभी टीमों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया देखने को मिली।

अंत में पूरे मॉल परिसर में सर्च अभियान चलाकर स्थिति को पूर्ण रूप से नियंत्रित घोषित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना, जन-धन की हानि को न्यूनतम करना और आम लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप