जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का तैयार माल जलकर खाक
कानपुर, 26 सितंबर (हि.स.)। जाजमऊ थाना क्षेत्र अशरफाबाद स्थित जूता फैक्ट्री में शनिवार को अचानक आग लगने से लाखों रुपये का तैयार माल जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सुल्तान कंपाउंड के सामने कामसेफ फैक्ट्री में आज धुआं उठता देखकर आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। फैक्ट्री में ज्वलनशील सामग्री और बड़ी मात्रा में तैयार जूते रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई। इससे इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
फैक्ट्री मालिक मेस्टन रोड निवासी महबूब इलाही ने बताया कि कारखाने में तैयार जूतों का काफी स्टॉक रखा था। इसे अगले महीने बाहर भेजा जाना था, लेकिन आग की चपेट में आने से पूरा माल बर्बाद हो गया। शुरुआती अनुमान के अनुसार नुकसान लाखों रुपये का है। वास्तविक क्षति का आकलन किया जा रहा है।
बीट प्रभारी अभिजीत पाठक ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर अधिकारी राहुल नंदन के मुताबिक शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आ रही है। हालांकि आग के वास्तविक कारण की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप