कानपुर : सुरक्षित दीपावली के लिए अग्निशमन विभाग की सलाह, घनी आबादी, पेट्रोल पंप और तेल के भंडार से दूर करें आतिशबाजी
कानपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान जरा सी लापरवाही खुशियों को हादसे में बदल सकती है। पटाखे जलाते समय बच्चों की सुरक्षा, कपड़ों और आसपास रखे ज्वलनशील पदार्थों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। घनी आबादी, पेट्रोल पंप और तेल के भंडार के आसपास आतिशबाजी करने से बचें। आपात स्थिति से निपटने के लिए घर में पानी की दो बाल्टियां तैयार रखें। अग्निशमन विभाग ने सुरक्षित दीपावली मनाने के लिए लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने गुरुवार को बताया कि पटाखे हमेशा जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थानों पर लगी दुकानों से ही खरीदें। वैधानिक रूप से निर्मित पटाखों का इस्तेमाल करें और बच्चों को केवल बड़ों की निगरानी में ही आतिशबाजी करने दें। पटाखे जलाने से पहले उन पर लिखे सुरक्षा निर्देशों को जरूर पढ़ें। उन्हें समतल जगह पर रखकर जलाएं और पर्याप्त दूरी बनाए रखें। पटाखे जलाते समय चुस्त और मोटे सूती कपड़े पहनें। सिंथेटिक, रेशमी और ढीले कपड़ों में आतिशबाजी करने से बचें।
विभाग ने लोगों को पटाखे हाथ में पकड़कर जलाने और उनके ऊपर झुकने से मना किया है। एक समय में एक ही पटाखा जलाएं। जलने के बाद नहीं फूटने वाले पटाखों को दोबारा देखने या उठाने की कोशिश न करें। पटाखों को जेब में रखने के साथ ही मोमबत्ती और दीये के पास रखने से भी बचें। घर के अंदर, रसोई के आसपास और सार्वजनिक स्थानों जैसे सड़क व फुटपाथ पर आतिशबाजी न करें। बच्चों को जलते हुए पटाखे किसी की ओर फेंकने से रोकें।
अग्निशमन विभाग ने घनी बस्तियों, पेट्रोल पंप, तेल के भंडार, आरा मशीन और पंडालों के आसपास पटाखे व रॉकेट चलाने से भी बचने की सलाह दी है। इस्तेमाल किए गए पटाखों की बची सामग्री से दोबारा पटाखे बनाने का प्रयास न करें। दीपावली पूजन के दौरान जलाई जाने वाली अगरबत्ती, धूपबत्ती और मोमबत्ती को जलता छोड़कर न जाएं। इनके पूरी तरह बुझने के बाद ही पूजा स्थल छोड़ें। आतिशबाजी को आग और ज्वलनशील पदार्थों से दूर सुरक्षित स्थान पर रखें। कम आवाज वाले पटाखों का इस्तेमाल करने की भी अपील की गई है।
पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल और अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा ने भी शहरवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप