विधायक के प्रयास से महोली में 12.67 करोड़ की लागत से बनेगा आवासीय अग्निशमन केन्द्र

 




सीतापुर, 29 मार्च (हि.स.)। महोली तहसील क्षेत्र के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से अग्निशमन केंद्र की मांग के बाद अब क्षेत्र में नए आवासीय अग्निशमन केंद्र की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। यह स्वीकृति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यालय से प्राप्त हुई है। करीब 12 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह केंद्र क्षेत्र में आग लगने की घटनाओं पर त्वरित नियंत्रण सुनिश्चित करेगा।

अब तक महोली तहसील में अग्निशमन केंद्र न होने के कारण हर साल आग लगने की घटनाओं में किसानों की लाखों रुपये की फसलें जलकर नष्ट हो जाती थीं। इसके साथ ही कई बार जनहानि और पशुहानि की घटनाएं भी सामने आती थीं।

जिला मुख्यालय से दमकल वाहनों के पहुंचने में होने वाली देरी के चलते आग पर समय से काबू पाना मुश्किल हो जाता था, जिससे नुकसान और बढ़ जाता था। ऐसे में इस नए केंद्र की स्थापना से क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

महोली विधायक शशांक त्रिवेदी ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए लगभग दस महीने पहले मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्र के माध्यम से अग्निशमन केंद्र की मांग रखी थी। 28 मार्च को उन्हें इस प्रस्ताव की स्वीकृति की जानकारी मिली, जिसकी पुष्टि उन्होंने अपने फेसबुक पेज के माध्यम से भी की।

इस फैसले का क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने स्वागत किया है। सभी ने इसे महोली क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और राहत देने वाला कदम बताया है।

विधायक शशांक त्रिवेदी ने रविवार काे बताया की पिछले वर्ष मई माह में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पत्र के माध्यम से अग्निशमन केंद्र बनवाने के लिए मांग की थी जिसमें सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि इससे महोली की जनता को लाभ मिलेगा। इलाके में समय-समय पर होने वाले अग्निकांडों एवं फसलों तथा जानवरों के नुकसान से राहत अवश्य मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma