इलेक्ट्रिक दुकान में लगी आग से लाखों का सामान जलकर खाक
अमेठी, 17 अगस्त (हि.स.)। अमेठी जिले के मुंशीगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सोमवार की देर शाम को मुसाफिरखाना रोड स्थित इलेक्ट्रिक सामान की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही मुंशीगंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
मुंशीगंज निवासी बृजलाल कश्यप की मुसाफिरखाना रोड पर निखिल लाइट नाम से इलेक्ट्रिक सामान की दुकान है। सोमवार की शाम को अचानक दुकान के अंदर से धुआं निकलने लगा। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रिक उपकरण और अन्य सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई।चौराहे पर मौजूद लोगों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
सूचना पर थाना प्रभारी बृजेश सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों मशक्कत कर आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया जा सका। स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की सूचना दिए जाने के बावजूद दमकल की टीम करीब एक घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंच सकी। ऐसे में लोगों और पुलिस को ही आग बुझाने के लिए काफी देर तक मशक्कत करनी पड़ी।
मुंशीगंज कोतवाल बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक, प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। आग में दुकान में रखा इलेक्ट्रिक सामान जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।पुलिस ने घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी