बार एसोसिएशन पूर्व अध्यक्ष पर एफआईआर के विरोध में अधिवक्ताओं ने जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

 


हाथरस, 02 नवंबर (हि.स.)। सादाबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं 'दी बार एसोसिएशन' के पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पराशर और उनके बेटे के विरुद्ध थाना सादाबाद में कथित रूप से फर्जी मुकदमा दर्ज कर उत्पीड़न किए जाने के विरोध में सोमवार को अधिवक्ताओं ने आवाज उठाई। इस संबंध में 'दी बार एसोसिएशन' सादाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के तत्वावधान में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन के माध्यम से अधिवक्ताओं ने कहा कि पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र पराशर के विरुद्ध दर्ज मुकदमे को पुलिस प्रशासन शीघ्र निरस्त करें। साथ ही भविष्य में किसी भी अधिवक्ता का पुलिस प्रशासन द्वारा उत्पीड़न न किए जाने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है। इस दौरान अध्यक्ष बनी सिंह यादव, सादाबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार दीक्षित, आनंद कुमार शर्मा, महेंद्र कुमार शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा, सुनील कुमार वर्मा और दिनेश सिंह टीटू सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना