आईटीईपी, बीएससी बीएड और बीए बीएड में 05 जुलाई को अंतिम काउंसलिंग, वेबसाइट पर पंजीकरण जारी

 


कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन में आईटीईपी, बीएससी बीएड एवं बीए बीएड पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अंतिम काउंसलिंग पकांच जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसके लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर पंजीकरण प्रक्रिया जारी है और अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन कर सीधे प्रवेश प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। यह जानकारी बुधवार को स्कूल ऑफ टीचर एजुकेशन की निदेशिका डॉ. तनुजा भट्ट ने दी।

डॉ. तनुजा भट्ट एवं सह-निदेशिका डॉ. स्नेह पांडे के अनुसार विभिन्न पाठ्यक्रमों में रिक्त सीटों पर यह अंतिम काउंसलिंग आयोजित की जा रही है। अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

दस्तावेज सत्यापन के लिए अभ्यर्थियों को 10वीं एवं 12वीं की अंकतालिका और प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, चरित्र प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक अभिलेख साथ लाने होंगे। यदि किसी अभ्यर्थी ने अतिरिक्त कोर्स, डिप्लोमा या प्रमाण-पत्र कोर्स किया है तो उसकी अंकतालिका भी प्रस्तुत करनी होगी।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि दस्तावेज सत्यापन के दौरान सभी मूल अभिलेखों का प्रस्तुत होना अनिवार्य है। केवल पंजीकरण कराना या सत्यापन में उपस्थित होना प्रवेश की गारंटी नहीं होगा।

डॉ. तनुजा भट्ट ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय के प्रचलित नियमों, विनियमों और निर्धारित नीति के अनुसार मेरिट एवं सीटों की उपलब्धता के आधार पर की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय पर पंजीकरण और दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप