मुरादाबाद : डिप्टी सीएमओ ने एंबुलेंसों में आपातकालीन व्यवस्थाओं को परखा, खामियों को दुरुस्त कराने के दिए निर्देश

 


मुरादाबाद, 11 जून (हि.स.)। ऑक्सीजन के सिलिंडर का नोजल न खुलने का वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद टूटी गई। इसी क्रम में गुरुवार को 15 एंबुलेंस की जांच की गई। उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी (डिप्टी सीएमओ) डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव ने जिला अस्पताल परिसर में खड़ी सरकारी एंबुलेंसों की व्यवस्थाओं की जांच की।

डिप्टी सीएमओ ने सीट, लाइट, ऑक्सीजन सिलिंडर, दवाइयां और अन्य जरूरी मानकों को परखा। हर एंबुलेंस में कुछ न कुछ खामी मिली। उन्होंने संबंधित स्टाफ को मिली खामियों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही जांच की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह को सौंपी।

उल्लेखनीय है कि बुधवार को सरकारी एंबुलेंस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें ईएमटी ऑक्सीजन सिलिंडर के नोजल को हथौड़े से पीटता दिख रहा था, लेकिन नोजल फिर भी नहीं खुला। हालांकि विभागीय जांच में पाया गया है कि मरीज को ऑक्सीजन की जरूरत नहीं थी और नोजल की चूड़ी ज्यादा टाइट हो गई थीं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल