मां और भाई को अलग कमरे में बंद कर पांचवी की छात्रा ने लगाई फांसी, मौत

 


कानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पांचवी की छात्रा ने शनिवार को बड़े भाई और मां को दूसरे कमरे में बंद कर दुपट्टे के सहारे दरवाजे में लगी कुंडी से लटक कर फांसी लगा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गई है।

मूलरूप से फतेहपुर के बड़े गांव के रहने वाले बावर्ची आसाराम राजपूत पिछले सात सालों से अपने परिवार के साथ चकेरी के सनिगवां स्थित राधे नगर में रहते हैं। परिवार में पत्नी श्यामा देवी बेटा हिमेश और दो बेटियां नंदिनी और काजल (11) है।

मृतका काजल की मां ने बताया कि आज वह स्कूल से लौटी। इसके बाद अपने भाई बहनों के साथ ही घर में खेल रही थी। फिर अचानक मुझे और मेरे बड़े बेटे को दूसरे कमरे में बंद कर दिया। कुछ ही देर बाद दुपट्टे के सहारे चौखट में लगी कुंडी से लटक गई।

काफी देर तक जब बेटी ने गेट नहीं खोला तो मां और भाई की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। दरवाजा तोड़कर सभी लोग अंदर दाखिल हुए तो देखा कि काजल फांसी से लटक रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच पड़ताल करी।

चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले में गहनता से जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप