त्योहारों की खुशियों में गली-मोहल्ले गंदगी में डूबे : पवन गुप्ता
कानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। एक ओर जहां पूरा शहर धार्मिक आस्था और उल्लास के वातावरण में त्योहारों की तैयारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम की घोर उदासीनता के चलते आमजन गंदगी और दुर्व्यवस्था से जूझने को मजबूर है। शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और मोहल्लों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं, जिससे न केवल वातावरण दूषित हो रहा है बल्कि संक्रामक बीमारियों के फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। यह बातें गुरुवार को कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।
कानपुर महानगर कांग्रेस के तत्वाधान में आज मेस्टन रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक हाल में नगर अध्यक्ष पवन गुप्ता की अध्यक्षता में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी ईद एवं नवरात्रि जैसे पवित्र त्योहारों के दृष्टिगत शहर में व्याप्त गंदगी, जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर, बदहाल सफाई व्यवस्था तथा नगर निगम की लापरवाही पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
पवन गुप्ता कहा कि कई बार जिलाधिकारी एवं नगर आयुक्त को इस गंभीर समस्या से अवगत कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति यह है कि जिम्मेदार अधिकारी फोन तक उठाना उचित नहीं समझते। यह प्रशासनिक उदासीनता और जनता के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में मांग करते हुए कहा कि तत्काल प्रभाव से शहर के सभी क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
कूड़ा उठान की व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। मुख्य बाजारों एवं धार्मिक स्थलों के आसपास साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
त्योहारों के दौरान अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाए।
बैठक में यह भी चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र ही सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो कानपुर महानगर कांग्रेस जनता के साथ सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
अंत में पवन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती आई है और आगे भी आमजन की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी। शहरवासियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, जिससे वह किसी भी सूरत में मुंह नहीं मोड़ सकता।
बैठक में धर्मेंद्र सिंह,अमरेंद्र प्रताप सिंह, राजेश द्विवेदी, शंकर दत्त मिश्रा, पदम मोहन मिश्रा, इकबाल अहमद, रितेश यादव, अरुण गुप्ता, अकील अहमद, अमिताभ दत्त मिश्रा, बृजभान राय, राम प्रकाश तिवारी आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप