फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव

 


प्रयागराज, 15 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित उतरांव थाना क्षेत्र के सरायहूंसे गांव में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव घर के अन्दर फांसी के फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि शुक्रवार काे दिन में उतरांव थाने को सूचना दी गई कि सरायहूंसे गांव निवासी सन्ध्या बिन्द (19) पत्नी आशीष बिन्द ने घर के अन्दर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने पहले कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो उसका शव फंदे से लटका पाया गया। पुलिस टीम ने विधिक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूंछताछ के दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि सन्ध्या बिंद ने आशीष बिन्द के साथ कुछ दिन पहले लव-मैरिज शादी की थी। सन्ध्या का मायका हंडिया थाना क्षेत्र के झिरिहरी गांव में है। इस संबंध में मृतिका के मायके वालों को भी सूचना दी गई है। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। यदि कोई तहरीर मिलेगी तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल