हाईटेंशन टावर में फंदे से लटका मिला बुजुर्ग का शव

 


प्रयागराज, 05 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित औद्योगिक थाना क्षेत्र के दमरी का पुरा मूंगारी गांव में शुक्रवार को एक बुजुर्ग का शव हाईटेंशन टावर में फंदे से लटका पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

डीसीपी यमुनानगर ने बताया कि मृतक की पहचान औद्योगिक थाना क्षेत्र के दमरी का पुरा मूंगारी गांव निवासी देवी प्रसाद गौतम (60) पुत्र स्वर्गीय प्रभुनाथ गौतम है। देवी प्रसाद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। शुक्रवार को जब लोगों ने गांव के बाहर टावर से लटका उसका शव देखा तो पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चंद्र यादव ने बताया कि हाईटेंशन टावर पर एक व्यक्ति का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम द्वारा जांच की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल