डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार पिता की मौत, बेटा घायल

 


कानपुर, 05 सितंबर (हि.स.)। घाटमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार दोपहर तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डीसीएम लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर शव काे पोस्टपार्टम भेज कर पड़ताल में जुट गई है।

यह हादसा भोगनीपुर-चौदगरा मार्ग पर नौरंगा गांव के पास हुई। चंदनपुर गांव निवासी बलराम (65) अपने बेटे राजेंद्र के साथ बाइक से गोपालपुर जा रहे थे। दोनों भतीजे की तेरहवीं में शामिल होने के लिए निकले थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पिता-पुत्र सड़क पर गिर गए और डीसीएम बलराम को कुचलते हुए निकल गया। उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल राजेंद्र को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत सामान्य बताई और उन्हें घर भेज दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस फरार डीसीएम चालक की तलाश कर रही है।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है। घायल को अस्पताल पहुंचाया गया था। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप