ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को रौंदा, पिता की मौत, बेटा गंभीर
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया जाम, ट्रक चालक फरार
हमीरपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के नेशनल हाईवे में रामपुर मोड़ के पास बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर झाड़-झंखाड़ डालकर जाम लगा दिया और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
कानपुर नगर जिले के रामपुर गांव निवासी रामकुमार (पिता राजाराम) बुधवार को अपने बेटे राजेश के साथ अपाचे बाइक की सर्विस कराने सजेती गए थे। जहां से कुछ घंटे बाद दोनों बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी रामपुर मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता-पुत्र सड़क पर अलग-अलग दिशाओं में गिर पड़े। ट्रक रामकुमार को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने सड़क पर जाम लगाकर ट्रक चालक को पकड़ने की मांग की।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। सजेती थाना पुलिस रामकुमार को हमीरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जानकारी जुटाकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायलपिता पुत्र को जिला अस्पताल लाया गया था जहां डाँक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा