फतेहपुर में कम्पोजिट विद्यालय के कर्मचारी की तबियत बिगड़ी,मौत
फतेहपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को जनता गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के पहरवापुर गांव निवासी भूपेंद्र वर्मा (50) कोतवाली क्षेत्र के जनता गांव स्थित कंपोजिट विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विशंभर दयाल ने बताया कि दाेपहर में भूपेंद्र दवा लेने के लिए स्कूल से कस्बे में एक निजी चिकित्सक के पास गए थे। क्लीनिक में स्टूल पर बैठे-बैठे अचानक गिर पड़े। मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि भूपेंद्र वर्मा ड्यूटी के दौरान दवा लेने गए थे, तभी उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई और उनकी मौत हो गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मामले की सूचना बिंदकी कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार