मथुरा में फरसा बाबा की मौत के बाद बवाल करने वाले 13 गिरफ्तार
मथुरा, 22 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार को सड़क हादसे में गौशाला संचालक चंद्रशेखर उर्फ फरसा वाले बाबा की मृत्यु के बाद उनके समर्थकों ने जमकर बवाल किया। हाइवे जामकर पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए। वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। किसी तरह अफसरों ने हालात को काबू में किया। पुलिस अब उपद्रव करने वालों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी कर रही है। इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें हरियाणा के दक्ष चौधरी सहित चार लोग भी शामिल हैं, जबकि 30 नामजद और 250 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर शाम हरियाणा निवासी दक्ष चौधरी, अक्कू पंडित अपने काफिले के साथ आजनौख पहुंचे। उन्होंने फरसा बाबा को श्रद्धांजलि देने के बाद गोरक्षकों से बातचीत की। भीड़ ने दक्ष चौधरी को बताया कि हमारे दर्जनों गोरक्षक छाता थाने में बंद हैं। इसके बाद दक्ष चौधरी समर्थकों संग छाता थाना चल पड़े। इस दाैरान उन्होंने साेशल मीडिया में वीडियो प्रसारित कर थाने का घेराव करने की अपील की। इससे माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। तभी रामा देवी स्कूल के नजदीक मथुरा पुलिस ने उन्हें रोका। इस दौरान दक्ष चौधरी व अक्कू पंडित की नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार और गोविंद नगर थाना प्रभारी रवि त्यागी से नोकझोंक हो गई। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने दक्ष चौधरी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। उनके विरुद्ध बरसाना थाना में लोगों में अफवाह फैलाकर दंगा भड़काने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा दर्ज किया।
एसएसपी श्लोक कुमार ने वीडियो के जरिए दिए गए बयान में कहा कि शनिवार रात थाना कोसी क्षेत्र में सड़क हादसा हुआ, जिसमें फरसा बाबा की मृत्यु हो गई। इस संबंध में उनके साथी की ओर दी गई तहरीर पर एक्सीडेंट का मुकदमा दर्ज हुआ है। जिस ट्रक से एक्सीडेंट हुआ था उसके चालक की भी उपचार के दौरान मौत हो चुकी है।
इस संबंध में पुलिस की ओर से अग्रिम कार्यवाही प्रचलित है। इस घटना में बाहरी तत्वों ने अराजकता फैलाई, जिसके उपरांत थाना छाता क्षेत्र में जाम लगया।कुछ उपद्रवियों ने पथराव किया। उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अब तक 13 लोगों की गिरफ्तार किया गया है। सभी उपद्रवियों को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चिन्हित किया जा रहा है।
एसएसपी ने बताया कि इस घटना में दक्ष चौधरी नाम का व्यक्ति जो मथुरा के बाहर का रहने वाला है, ने यहां आकर यहां भ्रामक तत्व फैलाने, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने पर उसके विरुद्ध मुकद्मा पंजीकृत करते हुए उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रशासन की ओर से यह अपील की जाती है कि सोशल मीडिया पर पोस्ट न डाले, जो भी पोस्ट की जाए वह सत्य हो अन्यथा की स्थिति में पोस्ट डालने वाले, अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी। सुरक्षा की दृष्टि से गाैशाला क्षेत्र में सेक्टर टीम तैनात कर दी गई है, जिसमें मजिस्ट्रेट शामिल हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार