फर्रुखाबाद : आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के लिए ईवीएम की जांच शुरु

 




फर्रुखाबाद, 18 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के लिए उपयोग में लाई जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) एवं वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) का कार्य 17 सितम्बर 2026 से ईवीएम वेयरहाउस, कलेक्ट्रेट, फतेहगढ़ में शुरू कर दी गई है। प्रथम स्तरीय जांच भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL) के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है।

प्रथम स्तरीय जांच के संबंध में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने शुक्रवार काे बताया कि प्रत्येक निर्वाचन से पूर्व निर्वाचन में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपीएटी (VVPAT) की जांच एवं परीक्षण संबंधित निर्माता कंपनी के अधिकृत इंजीनियरों द्वारा जिला निर्वाचन अधिकारी की निगरानी में किया जाता है। एफएलसी में उत्तीर्ण ईवीएम एवं वीवीपीएटी (VVPAT) को ही निर्वाचन में उपयोग किया जाता है। एफएलसी की विस्तृत प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के मैनुअल (Manual on Electronic Voting Machine) में निर्धारित है।

उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 में उपयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवीपीएटी (VVPAT) की प्रथम स्तरीय जांच के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। एफएलसी प्रक्रिया की निगरानी उनके (जिला निर्वाचन अधिकारी), मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग के स्तर से भी की जाती है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी 15 सितम्बर 2026 को लिखित रूप से अनुरोध किया गया है कि वे एफएलसी प्रक्रिया के अवलोकन करने के लिए अपने अधिकृत प्रतिनिधियों को नामित करें। संबंधित राजनीतिक दलों के राज्य मुख्यालयों द्वारा प्रतिनिधियों के नामों की पुष्टि (Endorse) भी की जा चुकी है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि एफएलसी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पारदर्शिता के साथ संपादित की जा रही है तथा राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों को प्रक्रिया के अवलोकन का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर