फर्रुखाबाद: बारिश और जल भराव के चलते मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल बदला, अब पुलिस लाइन में होगी जनसभा

 


फर्रुखाबाद, 01 सिंतबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 03 सितंबर के प्रस्तावित फर्रुखाबाद जनपद के दौरे को लेकर मंगलवार को बड़ा बदलाव किया गया है। लगातार हो रही बारिश और खराब मौसम को देखते हुए थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम डबरी में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया है। अब मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पुलिस लाइन फतेहगढ़ में आयोजित किया जाएगा।

डबरी में पिछले दो दिनों से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही थीं। कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, जनसभा स्थल, मंच, बैरिकेडिंग समेत सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था। लेकिन मंगलवार को तेज बारिश के बाद मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल में बदलाव का निर्णय लिया। डबरी कार्यक्रम रद्द होने के बाद प्रशासन और पुलिस विभाग ने अब पुलिस लाइन फतेहगढ़ में तैयारियां तेज कर दी हैं।

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है। मंच, बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात व्यवस्था और प्रवेश-निकास मार्गों को लेकर अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं और कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

मुख्यमंत्री के ग्राम डबरी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में भी खासा उत्साह था। मुख्यमंत्री के गांव में पहुंचने की तैयारियों के बीच ग्रामीण कार्यक्रम का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। हालांकि, खराब मौसम के चलते कार्यक्रम स्थल बदल दिया गया है। अब सभी की नजरें 03 सितंबर को पुलिस लाइन फतेहगढ़ में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम पर टिकी हैं।

उपजिलाधिकारी श्वेता साहू ने बताया कि डबरी में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। यहां होने वाले कार्यक्रम की सारी व्यवस्थाएं अंतिम चरण में थी, परंतु बरसात और जल भराव के चलते इस कार्यक्रम की रूपरेखा में बदलाव का निर्णय लिया गया है। अब मुख्यमंत्री का कार्यक्रम फतेहगढ़ पुलिस लाइन में आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar