गंगा में छलांग लगाने वाली किशोरी का नहीं सुराग,तलाश जारी
फर्रुखाबाद,25 अक्तूबर (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर स्थित कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार की देर शाम पांचाल घाट पर पुरानी घटिया के पास एक किशोरी ने गंगा में छलांग लगा दी। नाविकों ने उसे गंगा में छलांग लगाते देखा तो मामले की जानकारी चौकी पुलिस को दी। सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची जहां गोताखोरों की मदद से 1 घंटे तक तलाश कराया गया लेकिन किशोरी का पता नहीं चल सका। हालांकि अंधेरा होने के कारण तलाश रोक दी गई। बताया गया कि किशोरी कमालगंज थाना क्षेत्र की निवासी है लेकिन वर्तमान में कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत रह रही है।
कमालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत निवासी 15 वर्षीय किशोरी अपनी मां और बहन के साथ शहर के कादरी गेट थाना क्षेत्र के अंतर्गत रहती थी। बताया गया कि वह कक्षा 10 की छात्रा थी। शनिवार को दोपहर में 1:30 बजे करीब घर से टयूशन जाने की बात कहकर निकली थी। काफी देर तक घर नहीं पहुंची । वहीं शहर के पांचाल घाट पर पुरानी घटिया के पास देर शाम पहुंची जहां उसने गंगा में छलांग लगा दी। वहां मौजूद नविको ने उसे छलांग लगाते देखा तो आवाज भी दी। उन्होंने तत्काल मामले की जानकारी पांचाल घाट चौकी प्रभारी को दी। सूचना पर चौकी प्रभारी सहित पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक दर्जन गोताखोर से उसकी खोजबीन कराई। 1 घंटे तक उसकी खोजबीन की गई। इस दौरान गोताखोर ने एक किलोमीटर के क्षेत्र में उसकी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण गोताखोर बाहर निकल आए। रविवार की सुबह उसकी पुनःखोजबीन शुरू की गई। लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
कादरी गेट थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया किशोरी ने छलांग क्यों लगाई ? इन कारणों पर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। पानी का तेज बहाव होने की वजह से किशोरी का पता नहीं चल पा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर