फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी ने विद्यालयों का निरीक्षण कर परखी शिक्षा की गुणवत्ता,बच्चों से सुना पहाड़ा
फर्रुखाबाद, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद के जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर ने शनिवार को कायमगंज तहसील के विकासखण्ड शमसाबाद स्थित प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई का शनिवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालयों में अध्ययन-अध्यापन कार्य की प्रगति एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम प्राथमिक विद्यालय अजीजाबाद कर निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपस्थित छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति के संबंध में जानकारी ली। विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछकर उनके ज्ञान के स्तर का आकलन किया। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन की स्थिति एवं पाठ्यक्रम की प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करते हुए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त शिक्षण कार्य कराया जाए, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी की सीखने की क्षमता में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने विद्यालयों में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय रजलामई में जिलाधिकारी ने बालिकाओं की शिक्षा एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली तथा छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में पूछा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्राओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा विद्यालय में सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया जाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar