फर्रुखाबाद: तहसील सदर के स्थानांतरण की सुगबुगाहट पर भड़के अधिवक्ता, आंदोलन की चेतावनी
-एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, बोले- तहसील हटने से आम जनता की बढ़ेंगी मुश्किलें
फर्रुखाबाद, 25 नवंबर (हि.स.)। फर्रुखाबाद सदर तहसील को शहर से बाहर स्थानांतरित किए जाने की चर्चा से अधिवक्ताओं में आक्रोश फैल गया है। बुधवार को बार एसोसिएशन तहसील सदर के पदाधिकारियों और अधिवक्ताओं ने स्थानांतरण के विरोध में मोर्चा खोलते हुए उपजिलाधिकारी संजय कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने तहसील को वर्तमान परिसर से न हटाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि फैसला वापस नहीं लिया गया तो धरना-प्रदर्शन और हड़ताल कर आंदोलन किया जाएगा।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामेंद्र कटियार और सचिव ओम प्रकाश दुबे उर्फ ओमू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि तहसील सदर का कार्यालय वर्ष 1938 से इसी परिसर में संचालित हो रहा है। वर्ष 2009 में यहां नए तहसील भवन का निर्माण कराया गया था। वर्तमान परिसर में तहसील कार्यालय के साथ उपनिबंधक और नगर पालिका कार्यालय भी संचालित हैं। वहीं, फतेहगढ़ में सिविल न्यायालय, चकबंदी न्यायालय और जिला मुख्यालय स्थित हैं। इन कार्यालयों की नजदीकी से लोगों को राजस्व, भूमि पंजीकरण और नगर पालिका से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग स्थानों पर नहीं भटकना पड़ता।
अधिवक्ताओं ने कहा कि समाचार पत्रों के माध्यम से तहसील को शहर से दूर किसी अन्य स्थान पर ले जाने की जानकारी मिली है। यदि ऐसा किया गया तो ग्रामीणों, किसानों और वादकारियों को छोटे-छोटे कामों के लिए भी लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे उनका समय और पैसा दोनों खर्च होंगे तथा एक ही दिन में विभिन्न सरकारी कार्यालयों से जुड़े काम निपटाना भी मुश्किल हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान तहसील भवन का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त जरूर है, लेकिन उसकी मरम्मत कराकर उसे दोबारा उपयोगी बनाया जा सकता है। बरसात से पिछली दीवार को भी मरम्मत की जरूरत है। ऐसे में नए स्थान पर तहसील स्थानांतरित करने पर सरकारी धन खर्च करने के बजाय मौजूदा भवन की मरम्मत कराना अधिक उचित होगा।
अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी से तहसील का स्थानांतरण रोकने और कार्यालय को वर्तमान परिसर में ही संचालित रखने की मांग की। इस दौरान होशियार सिंह राजपूत, हेमराज सिंह राजपूत, रुकमंगल सिंह चौहान, संजीव शाक्य, विपिन यादव, राजीव सिंह यादव, संजय कटियार, सतेंद्र शाक्य, अनूप कटियार, निखिल मिश्रा, स्वदेश दुबे और दिलीप कश्यप समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर