भीषण आग में खाक हो गया मुर्गी फार्म हाउस, 10 लाख रुपये का नुकसान

 


भीषण आग में मुर्गी फार्म हाउस खाक, हजारों मुर्गियां चूजों की जलकर मौत

हमीरपुर, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा, क्षेत्र के कुसमरा गांव के पास बुधवार को सोलर के शार्ट सर्किट से मुर्गी फार्म हाउस में आग लगने से मुर्गी पालक का बड़ी मात्रा में नुकसान हुआ है। मुर्गी पालक कादिर ने बताया कि करीब 2200 बड़ी मुर्गियां व 2500 के आसपास चूजों की मौत हुई है।

कोतवाली हमीरपुर के खालेपूरा निवासी कादिर आलम पुत्र आरिफ आलम जोकि कुसमरा गांव के पास भाड़े पर खेत लेकर टट्टर आदि लगाकर मुर्गी पालन का काम कर रहे थे। जहाँ रात में प्रकाश के लिए उनके द्वारा 2 किलोवाट का सोलर प्लांट भी लगाया गया है। बुधवार को सोलर प्लांट में किसी कारणवश शार्ट सर्किट हुआ जिससे टट्टरों में आग लग गई तेज हवा के सहयोग से देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेकर सब कुछ तबाह कर दिया। पीड़ित कादिर आलम ने बताया कि इस आगजनी में 2 हजार 200 से अधिक मुर्गियां व 2 हजार 500 चूजों की मौत हुई है। वही करीब 60 बोरी मुर्गियों का दाना भी जल गया है।

कादिर ने बताया कि सब मिलाकर करीब 10 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग की सूचना पर पहुची दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से भारी मात्रा में नुकसान हुआ है।

सीओ सदर राजेश कमल ने आज शाम बताया कि मुर्गी फार्म हाउस में शार्ट सर्किट से आग लगी है जिससे हजारों मुर्गियां और चूजों की जलकर मौत हो गई है। बताया कि सूचना पर दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। फिलहाल जांच कराई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा