खेत तालाबों में मत्स्य पालन और मोती की खेती अपनाएं किसान, बढ़ेगी आय : जितेंद्र प्रताप सिंह
कानपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। लाभार्थी किसान खेत तालाबों का बहुउद्देशीय उपयोग करते हुए मत्स्य पालन के साथ मोती की खेती भी अपनाएं। इससे अतिरिक्त आय बढ़ेगी और कृषि अधिक लाभकारी एवं टिकाऊ बन सकेगी। यह बातें बुधवार को कानपुर के जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।
विकास भवन सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति, जिला मिशन समिति तथा डब्ल्यूसीडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वर्ष 2025-26 के कार्यों की समीक्षा के साथ वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई।
भूमि संरक्षण अधिकारी शैलेंद्र कुमार ने भूमि संरक्षण इकाई के तहत संचालित योजनाओं की प्रगति, गत बैठक के निर्देशों के अनुपालन तथा आगामी वर्ष के भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों का प्रस्तुतीकरण किया। समीक्षा के बाद समिति ने वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना और लक्ष्यों का अनुमोदन किया।
बैठक में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत वर्ष 2026-27 में 15 खेत तालाबों के निर्माण के लिए चयनित लाभार्थी किसानों के नामों का अनुमोदन किया गया। प्रत्येक तालाब का मानक आकार 22×20×3 मीटर होगा। प्रति तालाब 1.05 लाख रुपये की लागत पर 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम 52,500 रुपये तक अनुदान दिया जाएगा।
समिति ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत छह परियोजनाओं, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (एसएडीपी) के तहत दो परियोजनाओं तथा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरएडी) की प्रस्तावित परियोजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की। साथ ही डब्ल्यूसीडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि एवं जल संरक्षण योजनाओं का अन्य विभागों की योजनाओं के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रत्येक विकास खंड से कम से कम दो किसानों को ऊसर भूमि सुधार के लिए एसएडीपी योजना से लाभान्वित करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप