कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए ई-लॉटरी से 68 किसानों का चयन

 


हमीरपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के विकास भवन स्थित कल्पवृक्ष सभागार में गुरुवार को सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन तथा प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फॉर इन-सिटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू योजनान्तर्गत कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए जनपद स्तरीय कार्यकारी समिति एवं किसान भाइयों की उपस्थिति में पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-लॉटरी कराई गई।

मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि ई-लॉटरी के माध्यम से विकासखंड गोहांड के 9, कुरारा के 7, मौदहा के 5, मुस्करा के 9, राठ के 14, सरीला के 15 तथा सुमेरपुर के 9, कुल 68 किसानों का विभिन्न कृषि यंत्रों के लिए चयन किया गया।

चयनित किसानों के मोबाइल नंबर पर पोर्टल के माध्यम से एसएमएस द्वारा कृषि यंत्र चयन की सूचना तत्काल प्रेषित की गई। चयनित किसानों को टोकन कन्फर्म होने की तिथि से अधिकतम 30 दिन के भीतर कृषि यंत्र क्रय करना होगा। फार्म मशीनरी बैंक, कस्टम हायरिंग सेंटर,एग्रीगेटर के लिए पोर्टल पर बिल अपलोड करने के लिए अधिकतम 45 दिन की समयावधि निर्धारित की गई है।

किसानों को कृषि यंत्र क्रय करने के उपरांत रसीद, बिल, यंत्र का फोटो एवं आवश्यक अभिलेख कृषि विभाग के पोर्टल पर अपलोड करने होंगे, जिससे सत्यापन के उपरांत नियमानुसार अनुदान का लाभ प्रदान किया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि चयनित लाभार्थी निर्धारित समयसीमा का पालन करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करें, ताकि उन्हें शासन की कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ समय से प्राप्त हो सके।------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा