किसानों को मिले उन्नत उड़द के बीज

 


250 एकड़ में लहलहाएगी फसल

हमीरपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में खरीफ सीजन में दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने और क्षेत्र के किसानों को आधुनिक व वैज्ञानिक खेती से जोड़ने के लिए बुधवार को एक सराहनीय कदम उठाया गया है। बुधवार को युवा कौशल विकास मंडल द्वारा विकासखंड मौदहा के 12 गांवों के 124 चयनित किसानों को पीयू-9 प्रजाति का 20 कुंतल प्रमाणित उड़द बीज पूरी तरह निःशुल्क वितरित किया गया। इस उन्नत बीज से क्षेत्र के लगभग 250 एकड़ भूमि पर बुवाई की जाएगी, जिससे आगामी दिनों में रिकॉर्ड पैदावार की उम्मीद है।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को सिर्फ बीज ही नहीं दिए गए, बल्कि उन्हें उन्नत कृषि तकनीकों से भी लैस किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को आधुनिक खेती के गुर सिखाते हुए बताया कि गुणवत्तापूर्ण बीज चयन के साथ-साथ कतार विधि से बुवाई करने पर फसल की बढ़त बेहतर होती है। इसके अलावा उन्होंने संतुलित उर्वरक प्रबंधन, समय पर खरपतवार नियंत्रण और रोगों व कीटों से फसल को बचाने के वैज्ञानिक तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। इस पहल की सबसे खास बात यह है कि फसल चक्र की प्रत्येक अवस्था में संस्था की तकनीकी टीम खेतों का नियमित निरीक्षण करेगी। इसके लिए जीपीएस आधारित निगरानी, फोटो प्रलेखन और वैज्ञानिक मूल्यांकन जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, ताकि फसल में आने वाली किसी भी समस्या का समय पर समाधान किया जा सके।

गोदाम प्रभारी नरेन्द्र कुमार ने बुधवार को बताया कि परंपरागत ढर्रे को छोड़कर उन्नत बीज और वैज्ञानिक तौर-तरीकों को अपनाकर ही दलहनी फसलों की उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है।संस्था के प्रतिनिधि विपिन, राजेश, श्रीचंद्र, दीपराज और हरिओम ने किसानों से अपील की कि वे तकनीक को अपनाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संस्था पूरे फसल चक्र के दौरान किसानों को तकनीकी सहयोग देती रहेगी ताकि उनकी लागत कम हो और आय में बढ़ोतरी हो सके। स्थानीय किसानों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लाभकारी खेती की दिशा में एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा