कानपुर : दिल्ली आंदोलन के समझौता लागू कराने की मांग काे लेकर किसानों ने आयुक्त कार्यालय पर किया प्रदर्शन

 


कानपुर, 27 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली आंदोलन के दौरान किसानों से किए गए समझौतों को लागू कराने और लंबित मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के नेतृत्व में कानपुर मंडल के किसानों ने फूलबाग से मंडलायुक्त कार्यालय तक पैदल मार्च निकाला। किसानों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर आयुक्त प्रशासन रेनू सिंह को सौंपा। इस दौरान आयुक्त कार्यालय परिसर में बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल तैनात रहा।

किसान यूनियन कानपुर मंडल अध्यक्ष रवि प्रताप सिंह ने कहा कि दिल्ली आंदोलन के दौरान सरकार और किसानों के बीच हुए समझौते अब तक लागू नहीं किए गए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के साथ मिलकर सरकार को उसके वादे याद दिलाने के लिए ज्ञापन दिया गया है। किसानों की मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो दिल्ली में बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने डीएपी की किल्लत, निजी दुकानों पर महंगे दामों में खाद मिलने और आलू किसानों के लिए विशेष ट्रेन चलाने की मांग भी उठाई।

भाकियू जिलाध्यक्ष अजय कटियार ने भी किसानों की समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर सरकार से ठोस कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज और कृषि संबंधी जरूरतों के मामले में राहत मिलनी चाहिए। अपर आयुक्त प्रशासन रेनू सिंह ने ज्ञापन लेते हुए कहा कि राष्ट्रव्यापी मांगों को उचित माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाया जाएगा, जबकि छह जिलों से जुड़ी मंडलीय मांगों को मंडलायुक्त के समक्ष रखा जाएगा। जिलाध्यक्षों से भी बातचीत की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप