औद्योगिक कॉरिडोर के विरोध में भड़का किसानों का गुस्सा, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

 


भदोही, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के भदाेही जनपद में अभोली विकासखंड क्षेत्र में प्रस्तावित औद्योगिक कॉरिडोर को लेकर ग्रामीणों और छोटे किसानों का विरोध तेज हो गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में महिला-पुरुष किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए चिन्हित जमीन के अधिग्रहण प्रस्ताव को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें पहले अधिकारियों की ओर से आश्वासन दिया गया था कि उनकी सहमति के बिना भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। उनका कहना है कि 27 और 30 जुलाई को अधिकारियों के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराने के बाद उन्हें भरोसा दिया गया था कि किसानों की सहमति का ध्यान रखा जाएगा। इसके बावजूद 10 सितंबर को समाचार पत्र के माध्यम से शासन को भूमि अधिग्रहण का प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी मिली।

ग्रामीणों के मुताबिक प्रस्तावित परियोजना से कनकपुर, हरिपट्टी, वीरभद्र पट्टी, दानूपुर पश्चिम पट्टी, दानूपुर पूरब पट्टी, गोविन्द पट्टी, दशवतपुर और अमिलहरा गांव प्रभावित होंगे। किसानों का दावा है कि इन गांवों की करीब 40 हजार आबादी पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।

किसानों का कहना है कि वे छोटे और सीमांत किसान हैं तथा खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य आधार है। उपजाऊ कृषि भूमि छिनने की स्थिति में उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि जन्मभूमि और आजीविका की कीमत पर होने वाला विकास उन्हें स्वीकार नहीं है।

प्रदर्शन में श्याम धर, अशर्फी, सुरेश कुमार, मोनू कुमार बिंद, राकेश कुमार, महाजनी, पूजा बिंद, राजकुमार, रमती देवी, बुढा देवी, फूलवती देवी, राजकली, सुंदर और बिना समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण पर तत्काल रोक लगाई जाए और किसानों की आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभुनाथ शुक्ल