फसल काटने जा रहे किसान की ट्रेन से कटकर मौत

 


औरैया, 18 अप्रैल (हि. स.)। दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग पर उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद थाना क्षेत्र में आशा पूर्वा गांव के पास रेलवे लाइन क्रास करके खेतों पर फसल काटने जा रहे किसान की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त करवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना क्षेत्र के गांव आशा का पूर्वा निवासी 50 वर्षीय वीरेंद्र सिंह खेती किसानी करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। खेत गांव के बाहर रेलवे लाइन के दूसरी तरफ है। शनिवार की सुबह ग्यारह बजे घर से खेतों पर खड़ी गेहूं की फसल काटने के लिए निकले थे। दिल्ली हावड़ा रेल मार्ग क्रास करते समय डीएफसी डाउन लाइन पर खंबा नंबर 580/21 व 20 के बीच गांव के सामने ट्रेन से टकरा गए। जिससे उनकी मौके पर मृत्यु हो गई।

न्यू अछल्दा स्टेशन मास्टर की सूचना पर पहुंची पाता चौकी पुलिस ने शव की शिनाख्त करवाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के दो पुत्र व एक पुत्री है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार