सड़क हादसे में घायल किसान की इलाज के दौरान मौत, नातिन की हालत गंभीर
देवरिया, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गौरी बाजार थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में पोती और दादा गंभीर रूप से घायल हो गए । उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराएगा ,जहां दादा को चिकित्सकों ने इलाज के दौरान मृत घोषित कर दिया ।वहीं परिवार के लोगों ने नातिन को इलाज के लिए प्राइवेट नर्सिंग होम में भर्ती कराया ।
थाना अध्यक्ष राकेश कुमार राय ने बताया कि गौरी बाजार थाना क्षेत्र के पथरहट निवासी किसान राम बिहारी मौर्य (55) की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनकी नातिन लक्ष्मी (16) गंभीर रूप से घायल है। उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
उन्होंने बताया कि राम बिहारी मौर्य अपनी नातिन लक्ष्मी के साथ देवरिया से बाइक से दवा कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान लगड़ी चौराहे के पास किसी चार पहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान राम बिहारी मौर्य की हालत बिगड़ती चली गई और चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी नातिन लक्ष्मी की हालत गंभीर बनी हुई है।
राम बिहारी मौर्य की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि राम बिहारी खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना करने वाले वाहन की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक