खेत जा रहे किसान को ट्रक ने मारी टक्कर मौत
हमीरपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के जरिया थानाक्षेत्र के जिटकिरी गांव के पास शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक ने खेत जा रहे एक किसान को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक किसान वहीं तड़पता रहा और उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जिटकिरी गांव निवासी फूल सिंह (55) पुत्र बीरबल शनिवार को अपने खेतों की ओर जा रहे थे। रास्ते में बालू खदान से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने किसान फूल सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फूल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और दम तोड़ दिया। ट्रक टक्कर मारने के बाद फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर परिजन किसान को इलाज के लिए सीएचसी ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि फूल सिंह खेती किसानी के अलावा पशुपालन भी करते थे।
थानाध्यक्ष दिनेश पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ट्रक व चालक की तलाश की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा