किसान की संदिग्ध मौत पर अंतिम संस्कार के दौरान हंगामा, पत्नी ने किया विरोध
औरैया, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को उस समय हंगामा हो गया, जब अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान उसकी पत्नी मौके पर पहुंच गईं। महिला ने विरोध शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, विलावा गांव निवासी किसान साहब सिंह पाल (50) शुक्रवार सुबह अपने खेत पर मृत पाए गए। परिजनों का कहना है कि वह टीबी के मरीज थे और लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था। आज शव के अंतिम संस्कार की तैयारी के बीच मृतक की पत्नी मंजो देवी अपनी बहन सरला देवी के साथ मौके पर पहुंचीं और जमीन को लेकर आपत्ति जताते हुए हंगामा करने लगीं।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब पांच वर्षों से विवाद चल रहा था और मंजो देवी अपने मायके इंद्रोसी (भरथना) में रह रही थीं।
परिजनों के अनुसार, मृतक ने अपनी लगभग चार बीघा कृषि भूमि अपने भाई कुंवर पाल, भाभी मिथिलेश और भतीजे कपिल व पूजा के नाम वसीयत कर दी थी, जिससे यह विवाद उत्पन्न हुआ।
शनिवार को डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद अजीतमल कोतवाली के क्राइम इंस्पेक्टर राम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया।
इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मौत बीमारी के कारण मानी जा रही है, जबकि पत्नी ने घरेलू विवाद के चलते विरोध किया है। फिलहाल किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार