पूर्वांचल विश्वविद्यालय में व्यावसायिक अर्थशास्त्र विभाग का फेयरवेल कार्यक्रम “सफर” आयोजित
जौनपुर,18 मई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में प्रबंध संकाय के व्यावसायिक अर्थशास्त्र विभाग द्वारा फेयरवेल कार्यक्रम “सफर” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समां बांधा, वहीं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो. मानस पाण्डेय ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को अपनी जड़ों से जोड़ती है और यदि लक्ष्य के प्रति समर्पण बने रहें तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में निरंतर सीखते रहने का संदेश दिया।डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि कठिन परिश्रम, लगन और सतत अभ्यास ही सफलता की कुंजी हैं। वहीं डॉ. अंजनी कुमार मिश्र ने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। डॉ. निशा पाण्डेय ने अनुशासन, संयम और समर्पण को जीवन की सफलता का आधार बताया।कार्यक्रम का संचालन जाह्नवी सिंह और दीक्षा सिंह ने किया, जबकि कार्यक्रम की रूपरेखा अंकित राय, आयुष मिश्र, अभिषेक सिंह एवं शिवानी सिंह ने तैयार की। इस अवसर पर विवेक, औचित्य, पृथुल, विमलेश, सचिन, श्रेया, काजल, अलशिफा, साक्षी और मुस्कान सहित अन्य विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं विभागीय शिक्षक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव