एनडीआरएफ ने पांडु नदी की बाढ़ में फंसी गर्भवती महिला समेत परिवार को 25 मिनट में निकाला सुरक्षित

 


कानपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। राहत हेल्पलाइन 1070 पर सूचना मिलते ही पांडु नदी के पानी से घिरे घर में फंसे परिवार को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए तत्काल एनडीआरएफ टीम भेजी गई। गर्भवती महिला को चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर जाना था, इसलिए परिवार को जल्द सुरक्षित निकालना प्राथमिकता थी। यह जानकारी सोमवार को तहसीलदार सदर विनय कुमार द्विवेदी ने दी।

बनपुरवा मजरा ग्राम पिपौरी निवासी कौशल ने रविवार दोपहर राज्य स्तरीय राहत हेल्पलाइन 1070 पर फोन कर बताया कि पांडु नदी का पानी आबादी में पहुंचने से उनका परिवार घर में फंस गया है। घर में उनके बुजुर्ग माता-पिता और गर्भवती पत्नी सुमन गुप्ता मौजूद थीं। पत्नी को चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर ले जाना जरूरी था, लेकिन चारों ओर पानी भरा होने के कारण परिवार के लिए खुद बाहर निकलना संभव नहीं था।

सूचना मिलते ही तहसीलदार सदर ने राहत एवं बचाव की कार्रवाई शुरू कराई और एनडीआरएफ से समन्वय कर टीम को मौके पर भेजा। प्रशासन की ओर से कौशल से व्हाट्सएप के जरिए लगातार संपर्क बनाए रखा गया और उन्हें मदद पहुंचने की जानकारी दी जाती रही। सूचना मिलने के करीब 25 मिनट के भीतर एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई।

रेस्क्यू टीम ने पानी से घिरे मकान से कौशल, उनके बुजुर्ग माता-पिता और गर्भवती पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी को सकुशल बाहर निकालने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली।

कौशल ने बताया कि पत्नी के गर्भवती होने के कारण उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर जाना जरूरी था। पानी बढ़ने से पूरा परिवार घर में फंस गया था। उन्होंने 1070 पर मदद मांगी, जिसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की और व्हाट्सएप के माध्यम से भी लगातार संपर्क में रहा। करीब 25 मिनट में रेस्क्यू टीम पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उन्होंने त्वरित मदद के लिए जिला प्रशासन और रेस्क्यू टीम का आभार जताया।

तहसीलदार ने बताया कि सूचना मिलते ही एनडीआरएफ को मौके पर रवाना किया गया था। गर्भवती महिला को चिकित्सकीय परामर्श के लिए बाहर जाना था, इसलिए परिवार को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित निकाला गया। टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर सभी सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप