यूक्रेन ड्रोन हमले में मृत मर्चेंट नेवी अफसर के परिवार की हरसंभव मदद की जाएगी : अमिताभ बाजपेयी

 


कानपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। यूक्रेन में ड्रोन हमले में जान गंवाने वाले मर्चेंट नेवी अफसर स्वर्गीय सागर गुप्ता के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने, शोकाकुल परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। पीड़ित परिवार को इस कठिन समय में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। यह बातें बुधवार को आर्यनगर सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने कहीं।

काकादेव के शास्त्री नगर निवासी स्वर्गीय सागर गुप्ता के परिवार की पीड़ा की जानकारी मिलने पर विधायक अमिताभ बाजपेयी उनके आवास पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा देते हुए पूरे मामले की जानकारी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को भी दी और आवश्यक सरकारी सहायता दिलाने के लिए सहयोग का अनुरोध किया।

परिजनों ने विधायक को बताया कि 18 जुलाई को रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे संघर्ष के दौरान हुए ड्रोन हमले में सागर गुप्ता की मृत्यु हो गई। घटना के कई दिन बाद भी परिवार को अपेक्षित सरकारी सहायता नहीं मिल सकी है। उन्होंने पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने और पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कराने के लिए संबंधित मंत्रालयों एवं भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की।

परिवार ने बताया कि स्वर्गीय सागर गुप्ता ही घर के मुख्य सहारा थे। उनके निधन के बाद परिवार आर्थिक रूप से भी कठिन दौर से गुजर रहा है। इस पर विधायक अमिताभ बाजपेयी ने आश्वासन दिया कि आर्थिक एवं प्रशासनिक सहायता दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाया जाएगा।

विधायक ने कहा कि पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने, परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने और सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए वह लगातार प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े रहेंगे।

परिवार की ओर से बड़े भाई मनीष गुप्ता ने विधायक अमिताभ बाजपेयी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उनका परिवार के साथ खड़ा होना और हरसंभव सहायता का भरोसा देना उनके लिए बड़ी राहत और संबल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप