107 साल प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर में बढ़ेंगी श्रद्धालुओं की सुविधाएं, जिलाधिकारी ने तय की समयसीमा

 


कानपुर, 04 अगस्त (हि.स.)।

निर्माण कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। यह बातें मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने पी रोड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर परिसर में चल रहे विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कहीं।

शहर के ऐतिहासिक और करीब 107 वर्ष प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पर्यटन विभाग की बावन लाख रुपये की परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे कराए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को जल्द नई सुविधाओं का लाभ मिल सके।

उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के माध्यम से मंदिर परिसर में यात्री शेड, शौचालय ब्लॉक, विद्युत व्यवस्था, सेप्टिक टैंक, रेलिंग, बाउंड्री वॉल, इंटरलॉकिंग टाइल्स, सबमर्सिबल पंप, सोलर लाइट और स्टोन बेंच सहित विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य कराए जा रहे हैं। परियोजना पूरी होने के बाद मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुविधाजनक वातावरण मिलेगा और परिसर की व्यवस्थाएं भी पहले से बेहतर होंगी।

इस दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की प्रगति पर असंतोष जताते हुए सभी कार्य 26 अगस्त तक हर हाल में पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने अनावश्यक विलंब पर संबंधित जूनियर इंजीनियर को फटकार लगाई और कार्य की गति बढ़ाने को कहा। साथ ही निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान पर्यटन अधिकारी नीलम गौतम, उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप